शनिवार, 8 मार्च, 2025 को महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज में 'ॐ शांति साहित्य मेमोरियल, दिल्ली' के तत्वावधान में 'सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी' का गरिमामयी आयोजन हुआ।
मेमोरियल के अध्यक्ष सुविख्यात कवि-दोहाकार नरेश शांडिल्य ने अपने पिता स्व. ओम प्रकाश शर्मा एवं माता स्व. शांति देवी की स्मृति में वर्ष 2024 में 'ॐ शांति साहित्य गौरव सम्मान' प्रदान करने की शुरुआत की थी। इसी कड़ी में इस वर्ष 2025 का दूसरा सम्मान उदयपुर, राजस्थान निवासी सुप्रसिद्ध कवयित्री आशा पाण्डेय ओझा 'आशा' को प्रदान किया गया। कविता विधा में स्तरीय अवदान के लिए कवयित्री आशा पाण्डेय 'ओझा' को अंगवस्त्र, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और ₹11000 की राशि से सम्मानित किया गया।
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता पहले 'ॐ शांति साहित्य गौरव सम्मान-2024' से सम्मानित वरिष्ठ कवि राजेश्वर वशिष्ठ ने की तथा मुख्य अतिथि के तौर पर भिवानी मैत्री परिवार के अध्यक्ष सुपरिचित कवि राजेश चेतन उपस्थित रहे। वैश्विक हिन्दी परिवार के अध्यक्ष एवं केंद्रीय हिंदी संस्थान के पूर्व उपाध्यक्ष प्रख्यात कवि-समीक्षक अनिल जोशी कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे और विशेष सान्निध्य हंसराज कॉलेज की बहुमुखी प्रतिभा की धनी प्राचार्या प्रो. रमा का रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन कवि अनिल मीत ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सह-संयोजक कवि ताराचन्द 'नादान' ने सरस्वती वंदना से किया। तत्पश्चात ॐ शांति साहित्य मेमोरियल, दिल्ली के अध्यक्ष नरेश शांडिल्य ने मेमोरियल और इस सम्मान की परिकल्पना का विवरण साझा किया। वक्ताओं ने सम्मानित कवयित्री आशा पाण्डेय ओझा को हिंदी और राजस्थानी भाषा की बेहतरीन कवयित्री बताया और विशेषकर उनके दोहों और गज़लों की ख़ूब प्रशंसा की। आशा पाण्डेय ओझा की अबतक 11 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिसमें उनके कुछ बालगीत संग्रह भी शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में दिल्ली, गुड़गाँव, गाज़ियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद आदि से 50 से अधिक जानेमाने कवि, साहित्यकार और कविता प्रेमी उपस्थित रहे व अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ भी किया। मंचासीन अतिथियों के अलावा सभागार में गणमान्य लोगों में डॉ. विकास शर्मा, डॉ. सरोज कुमारी, डॉ. भावना शर्मा, सत्या त्रिपाठी, शिव कुमार त्रिपाठी, शशिकांत, डॉ. रंजना अग्रवाल, प्रेम बिहारी मिश्र, अशोक कश्यप, आलोक पाण्डेय, आशमा कौल, मनोज कामदेव, देवेन्द्र खन्ना, सुरेन्द्र शर्मा, अवेद्य आलोक, स्मिता श्रीवास्तव, उमाशंकर शुक्ल, अशोक मिश्र, शाइस्ता शकील हैदर, रवीन्द्र भारद्वाज, रोहित आनन्द, कुमार सुबोध, सुषमा भंडारी, शैलजा सिंह, रमन कांत, दिनेश दीक्षित, अश्विनी शर्मा, पुष्पांजलि शांडिल्य, प्रवेश पाराशर, पुनीत शर्मा, चेतना शर्मा, जगमोहन सैनी, मणिशंकर कुमार आदि के अतिरिक्त परिजन एवं मित्रगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजन में हंसराज कॉलेज के आचार्य डॉ. रवि कुमार का सहयोग उल्लेखनीय रहा।
****
0 comments:
Post a Comment